अब भाजपा में उठे विरोध के स्वर
पटना, 29 सितम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में भी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होते ही विरोध के स्वर उठने लगे हैं। पार्टी के सहरसा के एक निवर्तमान विधायक ने टिकट कटने पर बगावती तेवर अख्तियार करते हुए बतौर निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की है।
टिकट कटने से नाराज सहरसा के निवर्तमान विधायक संजीव कुमार झा के सहरसा पहुंचते ही समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया तथा टिकट बांटने में धांधली का आरोप लगाया। झा ने बुधवार को टेलीफोन पर आईएएनएस को बताया कि पार्टी ने उनका टिकट काटकर पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा पर आघात किया है।
झा ने कहा कि वह पहले भी कार्यकर्ता के साथ थे और आज भी हैं। उन्होंने अपना टिकट कटने पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि वह चार अक्टूबर को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करेंगे। सहरसा से उनका टिकट काट वहां से आलोक झा को प्रत्याशी बनाया गया है।
भाजपा ने मंगलवार की रात 87 सीटों के लिए अपने उम्मीदवार की पहली सूची जारी की थी। जिसमें एक मंत्री समेत तीन निवर्तमान विधायक का टिकट काटा गया है। पार्टी राज्य में 102 सीटों पर चुनाव लड़ने की घेषणा की है।
उल्लेखनीय है कि राज्य में विधानसभा चुनाव के छह चरणों में 21 अक्टूबर से 20 नवंबर तक होगा। मतों कर गिनती 24 नवंबर को होनी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications