राष्ट्रमंडल खेल : बिखरेगी मुजफ्फरनगर के फूलों की खुशबू
मुजफ्फरनगर, 29 सितम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेलों में मुजफ्फरनगर के फूल अपनी महक से विदेशी खिलाड़ियों और मेहमानों का स्वागत करने के लिए तैयार हैं। यहां बने गुलदस्ते और रजनीगंधा, ग्लैडियोलस के फूलों की महक देशभर में मशहूर है।
दिल्ली में फूलों की मंडी में पिछले कई सालों से मुजफ्फरनगर के किसानों के उगाए फूलों का बोल-बाला है। जनपद खतौली के गंगधाड़ी व अन्य गांवों में किसान फूलों की खेती कर रहे हैं। इन ग्रामीणों को फूलों की खेती इतनी पसंद आई कि इन्होंने अपनी परम्परागत खेती को भी भुला दिया।
खतौली के कई गांवों से प्रतिदिन कई ट्रकों में फूलों को लादकर दिल्ली स्थित फूलों की मंडी में उन्हें बेचने के लिए लाया जाता है। किसानों की मेहनत के कारण ही दिल्ली की फूल मंडी में मुजफ्फरनगर की महक का अपना रुतबा है। यहां से बड़े पैमाने पर गेंदे के फूल, रजनी गंधा के फूल ग्लैडियोलस के फूलों की विभिन्न किस्मों की प्रतिदिन आपूर्ति होती है। बसेड़ा क्षेत्र में भी फूलों की खेती होती है।
यहां बड़ी संख्या में गुलदस्ते व रजनी गंधा, ग्लैडियोलस के फूल खेल समारोह के लिए तैयार हो चुके हैं जो मंडी के माध्यम से समारोह में जाएंगे। गंगधाड़ी गांव के किसान रामप्रसाद, करण सिंह और बसेड़ा के रामकिशन का कहना है कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि देश में मेहमाननवाजी के दौरान खिलाड़ियों और मेहमानों के हाथों में उनके खेतों के फूल होंगे।
वैसे यहां के फूल बेंगलुरू, गुजरात, मुंबई व देश से बाहर विदेशों में भी जाते हैं। मुजफ्फरनगर के फूलों की महक हर आयोजन में देखी जाती है। इस बार राष्ट्रमंडल खेलों में भी मुजफ्फरनगर के फूल अपनी सुगंध, खूबसूरती और ताजगी के से विदेशी मेहमानों और खिलाड़ियों का स्वागत करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications