अयोध्या पर फैसले के मद्देनजर
देहरादून, 29 सितम्बर (आईएएनएस)। अयोध्या में राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद की भूमि पर स्वामित्व के मसले पर गुरुवार को आने वाले इलाहाबाद उच्च न्यायालय के फैसले के मद्देनजर उत्तराखण्ड में अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को एहतियात बरतने एवं परिस्थिति के अनुसार अपने स्तर पर निर्णय लेने का निर्देश जारी किया है।
राज्य के प्रमुख सचिव (गृह) राजीव गुप्ता ने बताया कि प्रदेश में किसी तरह की अप्रिय घटना की आशंका नहीं है, फिर भी एहतियात के तौर पर राज्य के सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को सावधानी बरतने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी अपने स्तर पर निर्णय ले सकते हैं और आवश्यकता पड़ने पर शिक्षण संस्थानों को बंद करा सकते हैं।
गुप्ता ने कहा कि राज्य में हाई अलर्ट की जरूरत नहीं महसूस की जा रही है, क्योंकि प्रदेश में व्यापक हिंसात्मक घटना की आशंका नहीं है।
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय गुंजयाल का कहना है कि जिले में अलर्ट घोषित है। उन्होंने बताया कि जिले के संवेदनशील इलाकों में एहतियाती तौर पर गश्त बढ़ा दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications