बुद्धदेब ने की शांति एवं सौहार्द्र की अपील
कोलकाता, 29 सितम्बर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेब भट्टाचार्य ने बुधवार को राज्य के लोगों से अपील की कि उन्हें राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद पर गुरुवार के फैसले के बाद शांति एवं सौहार्द्र बनाए रखना चाहिए।
सुरक्षा बंदोबस्त को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सरकारी अधिकारियों के साथ एक बैठक में हिस्सा लेने के बाद भट्टाचार्य ने कहा, "मैं आशा करता हूं कि फैसले के बाद भी इसी तरह की शांति एवं सौहाद्र्र कायम रहेगा।"
भट्टाचार्य ने कहा, "बंगाल के लोगों ने पहले भी साबित किया है कि वे शांति को पसंद करते हैं, जबकि देश के अन्य हिस्से के लोग अयोध्या मुद्दे को लेकर लड़ते रहे हैं। मैं अच्छी सोच रखने वाले लोगों से अपील करना चाहूंगा कि वे फैसले के बाद शांति एवं धर्य कायम करने के लिए आगे आएं।"
मुख्यमंत्री ने कहा, "हमें खुफिया जानकारी प्राप्त हुई है, जिसमें हमने पाया है कि अभी तक सबकुछ शांतिपूर्ण है और किसी अप्रिय घटना की कोई संभावना नहीं है। लेकिन हमने किसी भी संभावित घटना को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाया है।"
भट्टाचार्य ने कहा कि शहर में और जिलों में अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
शहर के पुलिस आयुक्त गौतम मोहन चक्रवर्ती ने कहा, "हमने 18 पुलिस थाना क्षेत्रों को संवेदनशील माना है और वहां सुरक्षा के विशेष बंदोबस्त किए गए हैं। उन इलाकों में सशस्त्र पुलिस और द्रुत कार्रवाई बल (आरएएफ) के जवानों को तैनात किया जाएगा।"
चक्रवर्ती ने कहा कि मुर्शिदाबाद, मालदा, उत्तर दिनाजपुर, नाडिया जिलों में तथा बर्दवान में आसनसोल के कुछ हिस्सों को संवेदनशील क्षेत्र के रूप में पहचान की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications