अयोध्या मामले में फैसले के बाद किसी समस्या की आशंका नहीं : चिदम्बरम
चिदम्बरम ने कहा, "भारत आगे बढ़ चुका है, वर्ष 1992 (बाबरी ढांचा विध्वंस) के बाद जन्मे लोगों का इस मामले में अलग रुख है। मैं न्यायालय के फैसले के बाद किसी तरह की समस्या पैदा होने की संभावना नहीं देख रहा हूं।"
गृह मंत्री ने कहा कि सरकार ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के गुरुवार को प्रस्तावित फैसले के बाद किसी भी समस्या से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि शांति और साम्प्रदायिक सौहाद्र्र का माहौल बना रहेगा। केंद्र सरकार ने सुरक्षा के लिए पर्याप्त कदम उठाए हैं। उत्तर प्रदेश में सुरक्षा बंदोबस्त के लिए विभिन्न एजेंसियों के 1.90 लाख जवान तैनात किए गए हैं। मुझे लगता है कि 1.90 लाख सुरक्षाकर्मी कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जरूरत से भी ज्यादा हैं।"
शांति की अपील करते हुए चिदम्बरम ने कहा कि उच्च न्यायालय के फैसले को एक कानूनी प्रक्रिया के अंत के रूप में देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि विवाद से जुड़ा कोई पक्ष असंतुष्ट होगा तो वह फैसले के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय में अपील दायर कर सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications