भारत हमसे लड़ाकू विमान खरीदे : अमेरिका
वाशिंगटन, 29 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने भारत से आग्रह किया है कि वह अमेरिकी लड़ाकू विमानों और हथियारों को खरीदे क्योंकि इनकी क्षमता और प्रौद्योगिकी आला दर्जे की है।
रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी के साथ मंगलवार को हुई मुलाकात के दौरान हिलेरी ने यह गुजारिश की। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता फिलिप जे. क्राउले ने संवाददाताओं को बताया कि दोनों मंत्रियों के बीच मुलाकात लगभग 30 मिनट तक चली।
क्राउले ने कहा, "एंटनी और हिलेरी इस बात पर पूरी तरह सहमत थे कि अफगानिस्तान में अमेरिका और भारत के परस्पर हित हैं। हिलेरी ने अफगानिस्तान में भारत द्वारा चलाए जा रहे पुनर्निर्माण कार्यो और राजनयिक योगदान को भी अमेरिकी के साथ संबंधों के लिए महत्वपूर्ण करार दिया। "
उन्होंने कहा, "दोनों ने परस्पर रक्षा साझेदारी पर भी बातचीत की जो अब विस्तृत रूप ले रहा है। मेरा मानना है कि भारत अमेरिका के कई अत्याधुनिक विमानों, हथियारों और उपकरणों को खरीदने पर विचार कर कर रहा है। वैसे अमेरिकी कम्पनियां भारत में निविदा में शामिल हो रही हैं।"
यह पूछे जाने पर कि हिलेरी ने एंटनी से अमेरिकी हथियारों-रक्षा उपकरणों को महत्व देने का आग्रह किया था तो क्राउले ने कहा, "हमारी विदेश मंत्री ने निश्चित तौर पर ऐसा किया होगा।"
गौरतलब है कि भारत 9.1 अरब डॉलर की लागत से 126 लड़ाकू विमान खरीदने की तैयारी में है। इसके लिए अमेरिका सहित कई देश लुभावने और उच्च प्रौद्योगिकी क्षमता के विमान उपलब्ध कराने के दावे कर रहे हैं। अमेरिका भी अपने एफ-16 और एफ-18 जैसे अत्याधुनिक श्रेणी के विमानों को खरीदने के लिए भारत से आग्रह कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications