अयोध्या मामले पर फैसले के मद्देनजर राजस्थान में कड़े सुरक्षा इंतजाम
राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के सभी बड़े जिलों में संवेदनशील इलाकों की पहचान कर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है साथ ही इन इलाकों में मंगलवार से गश्त बढ़ा दी गई है।
जयपुर में शांति समितियों और धर्म गुरुओं के माध्यम से सद्भाव बनाए रखने के संदेश प्रसारित कराए जा रहे हैं। प्रमुख धर्मस्थलों पर सशस्त्र जवान तैनात किए गए हैं।
जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बी. एल. सोनी ने बताया कि अफवाह फैलाने वालों की पहचान के लिए खुफिया एजेंसियों और थानों को निर्देश दिए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नवदीप सिंह ने बताया कि सभी पुलिस अधीक्षकों को जिलों में अवैध हथियार रखने वालों की तलाशी के लिए निर्देश दिए गए हैं। कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए विभिन्न जिलों में 20 हजार अतिरिक्त जवान तैनात किए हैं। साथ ही जिलों में राजस्थान सशस्त्र बल (आरएसी) और पुलिस लाइंस में तैनात जवानों को सतर्क कर दिया है।
गृह विभाग ने सिपाही से अधिकारी तक सभी की छुट्टियां निरस्त कर दी हैं। छुट्टी पर गए जवानों को ड्यूटी पर बुला लिया गया है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने समाचार पत्रों के जरिए लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए सभी से शान्ति बनाये रखने और किसी भी तरह कि प्रतिक्रिया से बचने की अपील की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications