दिल्ली में ब्लूलाइन बसें बंद, यात्री परेशान
दिल्ली सरकार ने राष्ट्रमंडल खेल गांव और आयोजन स्थलों के समीप से गुजरने वाली ब्लूलाइन बसों को रविवार से लेकर 16 अक्टूबर तक बंद रखने का फैसला किया है।
अधिकारियों ने बताया कि इसकी जगह इतनी संख्या में दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बस चलाई जाएंगी।
ब्लूलाइन बसों के बंद होने से व्यस्ततम मार्ग जैसे कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन-वसंत कुंज, शिवाजी स्टेडियम-हौज खास, अम्बेडकर नगर-केंद्रीय सचिवालय, महरौली-आनंद विहार, ग्रेटर कैलाश-नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, बदरपुर बॉर्डर-मिंटो रोड, कापसहेड़ा बॉर्डर-मोरी गेट और साकेत-पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन प्रभावित होंगे।
तालकटोरा स्डेडियम के समीप रहने वाली स्मृति गुप्ता ने कहा, "मुझे 30 मिनट तक बस का इंतजार करना पड़ा और आखिर में ऑटोरिक्शा से जाना पड़ा। बसों की आवाजाही बहुत कम है। मैं कामकाज वाले दिन सोमवार को सफर को लेकर बेहद चिंतित हूं।"
गौरतलब है कि दिल्ली सरकार ने खेलों के मद्देनजर 6,500 डीटीसी बस चला रखा है। इनमें 1,400 बसें खिलाड़ियों, प्रतिनिधियों और सुरक्षाकर्मियों के लिए हैं। 1200 बसें विशेष रूट पर चलाई जाएंगी और 10 प्रतिशत बसों को आपात समय के लिए रखा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications