राष्ट्रमंडल खेल : बहुत कम पर्यटकों के आने की संभावना
अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर घरेलू पर्यटक ही दिल्ली आएंगे। डेंगू, स्वाइन फ्लू और मीडिया के नकारात्मक प्रचार के कारण विदेशी पर्यटक खेलों से दूर ही रहेंगे।
पर्यटन मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "हम अभी भी एक लाख पर्यटकों के आने की उम्मीद कर रहे हैं लेकिन इनमें से ज्यादातर घरेलू पर्यटक होंगे।"
इस साल जून तक 26.3 लाख विदेशी पर्यटक भारत आए हैं। वर्ष 2008 में 52.8 लाख पर्यटक भारत आए थे जबकि वर्ष 2009 में 51.1 लाख पर्यटक भारत आए।
शहर के टूर ऑपरेटरों ने सरकार के लक्ष्य को काफी ज्यादा बताया है।
ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (टीएएआई) का कहना है कि खेलों के दौरान दुनियाभर के केवल 10,000 पर्यटक भारत आएंगे।
टीएएआई के अध्यक्ष रज्जी राय ने आईएएनएस से कहा, "खेलों की तैयारियों में हुई देरी और समय सीमा में काम पूरे नहीं होने से कारोबारी संभावना का नुकसान हुआ है। हम काफी निराश हैं।"
एक अन्य टूर संचालक ने कहा, "अक्टूबर में सामान्यत: पर्यटक भारत आते हैं। हमें उम्मीद है कि वे भारत आएंगे। जरूरी नहीं कि वे खेलों के लिए भारत आएं। "
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications