भाई को हरा लेबर पार्टी के नेता बने एडवर्ड मिलीबैंड
लंदन, 26 सितम्बर (आईएएनएस)। ब्रिटेन की प्रमुख विपक्षी लेबर पार्टी के नए नेता के चुनाव में दो भाई आमने-सामने थे लेकिन बाजी छोट भाई एडवर्ड मिलीबैंड के हाथ लगी। उन्होंने अपने बड़े भाई और पूर्व विदेश मंत्री डेविड मिलीबैंड को एक रोचक मुकाबले में पराजित कर दिया।
दोनों भाइयों के बीच कांटे का मुकाबला था। पहले तीन दौर के मतदान में डेविड ने बढ़त कायम कर रखी लेकिन आखिरी दौर में एडवर्ड की नाटकीय व जोरदार वापसी हुई। आखिर में जीत-हार का अंतर बहुत कम रहा। एडवर्ड ने डेविड को 1.3 फीसदी मतों के अंतर से मात दी।
स्थानीय समाचार पत्र 'द टेलीग्राफ' के अनुसार लेबर के सांसद और शीर्ष पदाधिकारियों की पसंद डेविड थे लेकिन जब निचले स्तर के कार्यकर्ताओं के मतदान की बारी आई तो एडवर्ड पहली पसंद बन गए। उन्हें कुल 50.65 मत हासिल हुए जबकि डेविड को 49.35 मत मिले।
नतीजों के ऐलान के साथ डेविड के माथे पर शिकन देखी जा सकती थी क्योंकि यह उनके लिए चौंकाने वाली बात थी। इससे पहले वह उस समय आश्चर्य में पड़ गए थे जब एडवर्ड ने उन्हें चुनौती देने का ऐलान किया था। जीत के बाद एडवर्ड अपने भाई से गले मिले और कहा, "डेविड, एक भाई के रूप में आपसे बहुत प्यार करता हूं।"
वैसे एडवर्ड वामपंथी विचारों वाले माने जाते हैं। इसलिए ब्रिटेन के सियासी हलकों मे उन्हें 'रेड एड' के नाम से भी पुकारा जाता है। लेबर का नया नेता बनने के बाद उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी एक जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाएगी और फिर से जनता विश्वास जीतने की कोशिश करेगी।
गौरतलब है कि मई में हुए संसदीय चुनाव के बाद ब्रिटेन में लंबे समय बाद लेबर पार्टी सत्ता से बेदखल हो गई। किसी को भी स्पष्ट बहुमत नहीं मिला और ऐसे में कंजरवेटिव व लिबरल डेमोक्रेट ने डेविड कैमरन के नेतृत्व में गठबंधन सरकार का गठन किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications