स्टॉकहोम में जांच के बाद पाकिस्तानी विमान कराची रवाना
स्टॉकहोम, 26 सितम्बर (आईएएनएस)। स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में आपात स्थिति में उतरे पाकिस्तानी एयरलाइंस के विमान की जांच के दौरान किसी तरह की विस्फोट सामग्री नहीं पाए जाने के बाद उसे कराची के लिए रवाना कर दिया गया। अधिकारियों ने गिरफ्तार संदिग्ध यात्री को भी छोड़ दिया है।
पाकिस्तानी एयरलाइंस का 'बोइंग 777' विमान कनाडा के टोरंटो शहर से कराची जा रहा था। विमान में एक संदिग्ध यात्री के पास बम होने की आशंका के बाद उसे शनिवार तड़के स्टॉकहोम के अरलांडा हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारना पड़ा था।
एक अज्ञात महिला ने पुलिस को फोन कर बताया था कि विमान में सवार एक संदिग्ध व्यक्ति के पास विस्फोटक हो सकते हैं। विमान में 273 यात्री सवार थे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक स्वीडेन की पुलिस ने सभी यात्रियों को विमान से बाहर निकाला और एक व्यक्ति को संदिग्ध के तौर पर हिरासत में लिया था।
विमान की जांच के दौरान हालांकि न तो विस्फोट मिला और न ही संदिग्ध व्यक्ति के पास से कोई विस्फोटक उपकरण बरामद किया गया। लगभग डेढ़ घंटे की गहन छानबीन के बाद विमान को पाकिस्तान के लिए रवाना कर दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications