बल्क एसएमएस पर रोक से उपभोक्ता परेशान
नई दिल्ली, 26 सितम्बर (आईएएनएस)। बल्क एसएमएस पर रोक से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बैंकों और वित्तीय सेवाओं के एसएमएस नहीं मिल पाने से ग्राहक जरूरी सूचनाएं प्राप्त करने के लिए परेशान हो रहे हैं।
शिवानी आनंद (28) को शॉपिग करने के बाद क्रेडिट कार्ड से चुकाए गए बिल के बारे में जब एसएमएस से जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने अपने बैंक की हेल्पलाइन पर फोन लगाया लेकिन उन्हें बताया गया कि उन्हें 30 सितंबर तक मैसेज के जरिए कोई वित्तीय सूचना नहीं दी जा सकेगी।
शिवानी ने कहा, "अपने खाते की जानकारी नहीं मिल पाने से मैं काफी परेशान हूं।"
गुडगांव में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में मैनेजर अन्वेश घोष के लिए स्थिति काफी परेशानी भरी हो गई जब उन्होंने खरीदारी के लिए अपनी पत्नी को अपना क्रेडिट कार्ड दिया लेकिन उन्हें एसएमएस के जरिए मिलने वाली खरीदारी की जानकारी नहीं मिली।
सरकार ने अयोध्या मामले पर 24 सितम्बर को फैसला आने की संभावना के कारण शुरुआत में बल्क एसएमएस और एमएमएस पर शनिवार तक रोक लगाई थी। लेकिन सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गुरुवार को इस फैसले को 28 सितंबर तक स्थगित कर देने से संदेशों पर लगा यह प्रतिबंध 30 सितम्बर तक के लिए बढ़ा दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications