फर्जी एजेंटों के मामले पर पंजाब को दस्तावेज भेजेगा कनाडा
टोरंटो, 26 सितम्बर (आईएएनएस)। पंजाब में पिछले दिनों उजागर हुए फर्जी दस्तावेजों के जरिए वीजा दिलाने वाले एजेंटों के मामले पर कनाडा पंजाब सरकार को दस्तावेज भेजेगी।
कनाडा के आव्रजन मंत्री जेसन केनी ने कहा कि पंजाब सरकार अप्रवासी भारतीयों (एनआरआई) से फर्जी शादियों और आव्रजन धोखाधड़ी के मामलों पर रोक लगाए।
कनाडा जाने के लिए भारतीयों द्वारा कनाडा में स्थित भारतीय मूल के लोगों से फर्जी शादी करने पर रोक लगाने के लिए कनाडाई सरकार भारत-कनाडा समुदाय से विचार-विमर्श भी कर रही है।
भारत में केंद्रीय और पंजाब के नेताओं से मुलाकात करके वापस लौटे केनी ने कहा कि भारतीय प्रशासन ने फर्जी शादियों और फर्जी एजेंटों पर नियंत्रण के लिए कनाडा सरकार से सहयोग करने का आश्वासन दिया है।
केनी ने भारत यात्रा के दौरान प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्री व्यालार रवि, विदेश राज्य मंत्री परनीत कौर और पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से मुलाकात की।
केनी ने आईएएनएस से कहा, "केंद्रीय मंत्री (रवि) से मैनें कहा कि फर्जी आव्रजन एजेंट और इनका यह धंधा नागरिकों का शोषण कर रहा है। इस समस्या के खिलाफ हम कदम उठा रहे हैं और भारत से भी कानूनी कदम उठाए जाने की उम्मीद कर रहे हैं।"
मंत्री ने कहा, "उन्होंने इसके लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की। रवि ने मुझसे कहा कि सरकार भारतीय आव्रजन कानून में संशोधनों पर विचार कर रही है।"
कनाडा स्थित एनआरआई से फर्जी शादियों के ज्यादातर मामले पंजाब से होने के बारे में केनी ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री ने वादा किया है कि यदि कनाडा सरकार कुछ मामले सामने लाती है वह उन पर तत्काल कार्रवाई करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications