राष्ट्रमंडल खेल : आयोजन स्थलों की पुलिस नाकेबंदी में देरी
शनिवार रात तक सुरक्षा एजेंसियां आयोजन स्थलों पर अपना सुरक्षा घेरा तैयार नहीं कर सकी थीं। इस संबंध में दिल्ली पुलिस का कहना है कि जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में भी काम जारी है।
अधिकारी ने कहा, "मुख्य आयोजन स्थल नेहरू स्टेडियम में अभी भी काम जारी है। हमें कहा गया है कि इस स्टेडियम को रविवार रात तक सुरक्षा एजेंसियों के हवाले किया जाएगा। साथ ही खेल गांव को हमारे हवाले करने के लिए सोमवार का दिन तय किया गया है।"
केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने 23 सितम्बर को एक चेतावनी जारी करते हुए कहा था कि आयोजन समिति आयोजन स्थलों पर काम जल्द से जल्द निपटाकर स्टेडियमों को सुरक्षा एजेंसियों के हवाले कर दें, जिसके कि दिल्ली पुलिस अपना सुरक्षा घेरा तैयार कर सके।
पुलिस ने 11 दिनों तक चलने वाले खेलों के लिए एक महीने पहले ही स्टेडियमों में सुरक्षा घेरा तैयार करने का मन बनाया था लेकिन इस पर अमल नहीं किया जा सका।
इसके बाद 15 सितम्बर की तारीख तय की गई थी लेकिन स्टेडियमों में जारी निर्माण कार्य के कारण इस तारीख को भी टालना पड़ा। अब इसके लिए बुधवार तक का समय तय किया गया है।
स्टेडियमों की सुरक्षा के लिए 85,000 पुलिकर्मियों की तैनाती दिल्ली पुलिस की ओर से की जाएगी। इनमें सादी वर्दी वाले पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। साथ ही साथ 20,000 अर्धसैनिक बलों की तैनाती स्टेडियमों और आयोजन से जुड़े अन्य स्थानों पर की गई है।
राष्ट्रमंडल खेलों में 71 देशों के 7000 खिलाड़ी और अधिकारी शिरकत करेंगे। यह 1982 के बाद भारत में होने वाले अब तक का सबसे बड़ा खेल आयोजन है।
इंडो-एशियन न्यूज स्सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications