बांग्लादेश में गैस के बड़े भंडार की खोज
इस गैस क्षेत्र की खोज बांग्लादेश पेट्रोलियम एक्सप्लोरेशन कंपनी (बेपेक्स) ने देश के उत्तर पूर्वी क्षेत्र में सुनामगंज और नेत्रकोना जिलों में की है।
स्थानीय समाचार पत्र 'डेली स्टार' के मुताबिक बेपेक्स के कार्यकारी निदेशक मुर्तजा अहमद फारुखी ने कहा कि कंपनी सर्वेक्षण के आधार पर इस क्षेत्र में एक कुएं की खुदाई की तैयारी कर रही है।
फारुखी ने कहा, "यह अधिक संभावना वाला क्षेत्र है। यह सुरमा बेसिन में स्थित है। इस बेसिन के पूर्वी क्षेत्र में बिबियाना गैस क्षेत्र है नया क्षेत्र पश्चिमी हिस्से में है। इस क्षेत्र में तेल एवं गैस भंडार होने के लक्षण पाए गए हैं। यहां स्थित भंडारों में 20 से 30 खरब वर्ग फुट गैस हो सकती है।"
इस इलाके को सुनामगंज और नेत्रकोना जिलों के नाम पर 'सुनेत्र' नाम दिया गया है।
बेपेक्स इस इलाके में अगले साल मार्च-अप्रैल से 1.15 करोड़ डॉलर की लागत से एक कुएं की खुदाई का प्रस्ताव सरकार को दे रही है। यह कुआं फुलोर गांव में मोनाई नदी के पास खोदा जाएगा।
यह खोज बांग्लादेशी उत्खनन कंपनियों द्वारा पिछले कुछ सालों में की गई खोजों में से सबसे बड़ी साबित हो सकती है। बेपेक्स द्वारा अब तक की सबसे बड़ी खोज शाहबाजपुर के भोला में 600 अरब वर्ग फुट गैस भंडार की खोज है।
देश के ऊर्जा मंत्री भी इस नए खोजे गए क्षेत्र से प्राप्त गैस की ढुलाई के लिए पाइपलाइन की परियोजना तैयार कर रहे हैं।
बांग्लादेश में गैस के बड़े भंडार मौजूद है लेकिन खोजों की कमी के चलते आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बांग्लादेश ने भारत से गैस आयात के लिए समझौता किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications