हरियाणा में युवक-युवती की लाशें मिलीं, ऑनर किलिंग की आशंका
मृतकों की पहचान 22 वर्षीय इंदर पाल और 18 वर्षीय माया के रूप में हुई है। बताया गया है कि दोनों के बीच पिछले कई महीनों से प्रेम संबंध था। इन दोनों की लाशें शुक्रवार रात को फूलकन गांव के एक खेत से बरामद हुईं।
इस मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी देवेंदर सिंह ने रविवार को कहा, "फूलकन गांव के निवासी इंदर पाल और माया पड़ोसी थे और शादी करना चाहते थे। दोनों 17-18 सितम्बर की रात से लापता थे। पुलिस ने शुक्रवार रात को खेत से उनके क्षत-विक्षत शव बरामद किए।
सिंह ने कहा, "ऐसा लगता है कि उन्हें किसी भारी चीज या लाठी से मारा गया है। हमें सम्मान के नाम पर इनकी हत्या किए जाने का संदेह है, हम परिवार के सदस्यों के बयान ले रहे हैं। हम अपराध स्थल से सबूत जुटा रहे हैं और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार करेंगे।"
माया 11वीं कक्षा की छात्रा थी और इंदरपाल खेत में काम करता था। दोनों के परिवार उनके संबंध के खिलाफ थे और पिछले कई महीनों से इंदर पर किसी दूसरी लड़की से शादी करने के लिए दबाव डाला जा रहा था।
माया के भाई ब्रजलाल ने हालांकि आरोप लगाया कि इंदर के परिवार वालों ने उसकी बहन का अपहरण किया था।
ब्रजलाल ने कहा, "जब हम एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे तब इंदर के परिवार वालों ने माया का अपहरण किया। हमें पूरा यकीन है कि उन्होंने ही मेरी बहन की हत्या की है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications