पर्यटकों को 'शिल्पोत्सव-2010' से लुभाने की तैयारी
उत्सव का आयोजन उत्तर प्रदेश का पर्यटन मंत्रालय, नोएडा प्राधिकरण और केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के सहयोग से सेक्टर-21 के नोएडा स्टेडियम में करेगा।
इस उत्सव में 300 दुकानें लगाई जाएंगी। इन दुकानों के माध्यम से पर्यटकों को भारतीय हस्तशिल्प से परिचित होने का मौका मिलेगा। उत्सव में भारत के अलावा मलेशिया, दुबई, मारीशस, चीन, इंडोनेशिया और सिंगापुर के शिल्पकारों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश पर्यटन मंत्रालय के क्षेत्रीय अधिकारी अभिलाश शर्मा का कहना है, "विश्व स्तरीय व्यवस्थाओं के बीच यह उत्सव लोगों में स्वच्छ और मित्रतापूर्ण वातावरण का माहौल तैयार करेगा और उत्सव निश्चिय ही शानदार रूप से सफल होगा।"
उत्सव के लिए 'भूमि पूजन' समारोह सोमवार को किया गया। इस उत्सव में वाणिज्यिक संस्थाओं और प्राधिकरणों के लिए 100 दुकानें भी होंगी। इन दुकानों का वितरण 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर किया जाएगा। उत्सव के दौरान शिल्पकारों के लिए रहने की व्यवस्था मुफ्त की जाएगी।
इसके अलावा आयोजन स्थल पर वरिष्ठ नागरिकों और विकलांग लोगों के लिए चिकित्सक, एक मनोरंजन पार्क, प्रदर्शनी युक्त संग्रहालय और खाद्य पदार्थो को उपलब्ध कराने वाले नामी प्रतिष्ठानों की दुकानें होंगी।
उत्सव में प्रवेश शुल्क 10 रुपये रखा गया है, जबकि विकलांगों और बच्चों का प्रवेश मुफ्त होगा। उत्सव के दौरान साबरी ब्रदर्स, कविता सेठ, जसबीर जस्सी, सुरेंद्र शर्मा, मालिनी अवस्थी और हेमंत ब्रिजवास जैसे कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications