एएफएसपीए पर एकीकृत कमांड की बैठक जल्द : उमर
श्रीनगर, 25 सितम्बर (आईएएनएस)। सुरक्षा संबंधी कैबिनेट समिति (सीसीएस) द्वारा शनिवार को लिए गए निर्णयों का स्वागत करते हुए जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि राज्य के कुछ इलाकों से सशस्त्र सेना विशेष शक्तियां अधिनियम (एएफएसपीए) हटाए जाने पर निर्णय लेने के लिए अगले सप्ताह एकीकृत कमांड की बैठक होगी।
अब्दुल्ला ने यहां संवाददाताओं को बताया, "राज्य सरकार कोई एकतरफा फैसला नहीं लेना चाहती। सेना भी अकेले एएफएसपीए पर कोई फैसला नहीं ले सकती।"
अब्दुल्ला ने कहा, "मैं कोई गैरजिम्मेदार मुख्यमंत्री नहीं हूं, जो कि एकतरफा फैसला लूं।"
सीसीएस की बैठक के बाद नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने घोषणा की कि कश्मीर मुद्दे पर बातचीत के लिए वार्ताकारों का एक समूह गठित किया जाएगा और हाल की पथराव की घटनाओं में गिरफ्तार किए गए युवकों को जल्द ही रिहा कर दिया जाएगा।
राज्य के कुछ जिलों से सशस्त्र सेना विशेष शक्तियां अधिनियम (एएफएसपीए) को हटाए जाने के संबंध में चिदम्बरम ने कहा कि एएफएसपीए पर सबसे पहले राज्य के एकीकृत कमांड से सुझाव लिए जाएंगे। कमांड में सेना, सुरक्षा बल और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा मुख्यमंत्री व राज्य के गृह मंत्री शामिल हैं।
अब्दुल्ला ने कहा कि घाटी से सशस्त्र सेना और सुरक्षा कर्मियों की उपस्थिति घटानी है। उन्होंने कहा कि स्कूल कॉलेज सोमवार से खुल जाएंगे।
उन्होंने कहा कि वार्ताकारों के बारे में केंद्र सरकार ने कुछ प्रारंभिक विचारों का आदान-प्रदान किया है।
सीसीएस का यह निर्णय 39 सदस्यीय सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के आकलन पर आधारित है, जिसने हाल ही में जम्मू एवं कश्मीर का दौरा किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications