कैलाश मानसरोवर यात्रा के समापन की घोषणा
देहरादून, 25 सितम्बर (आईएएनएस)। उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून में जिला प्रशासन ने शनिवार को इस वर्ष की कैलाश मानसरोवर यात्रा के समापन की घोषणा की। साथ ही भूस्खलन और भारी बारिश के कारण मार्ग में फंसे अंतिम दल के 37 यात्रियों को हेलीकॉप्टर की मदद से सकुशल निकाल लिया गया। हेलीकॉप्टर से लाए गए सभी यात्री स्वस्थ एवं सुरक्षित हैं।
कुमाऊं मंडल विकास निगम के पर्यटन प्रबंधक डी.के. शर्मा ने यात्रा की समाप्ति की घोषणा करते हुए बताया कि अंतिम दौर के यात्रियों का 16वां दल शनिवार को सही सलामत पिथौरागढ़ पहुंच गया। पिथौरागढ़ से यह दल टनकपुर के लिए रवाना हो जाएगा।
ज्ञात हो कि अंतिम दौर के यात्रियों का यह दल जिले के गुंजी क्षेत्र में बारिश के कारण मार्ग क्षतिग्रस्त होने और काली गंगा नदी पर बनी पुलिया के बह जाने के कारण तीन दिनों से फंसा हुआ था। इन यात्रियों को हेलीकॉप्टर से धारचूला शिविर वापस लाया गया।
उल्लेखनीय है कि प्राकृतिक आपदा के बावजूद इस वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रियों के उत्साह में कोई कमी नहीं देखी गई। इस वर्ष कुल 753 यात्रियों ने भगवान शिव के निवास स्थल कैलाश मानसरोवर के दर्शन किए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications