मुठभेड़ में सीआरपीएफ जवान और नक्सली मारा गया (लीड-1)
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर शनिवार तड़के 3.30 बजे जिले के बीनपुर इलाके के बंदरबनी वनक्षेत्र में 'कॉमन बटालियंस फॉर रिसोल्यूट एक्शन' (कोबरा) के जवानों ने स्थानीय पुलिस की मदद से तलाशी अभियान चलाया।
झारग्राम के पुलिस अधीक्षक प्रवीण त्रिपाठी ने आईएएनएस को बताया, "हमें जानकारी मिली कि सशधर महतो दस्ते के सदस्य बंदरबनी के वनक्षेत्रों में ठहरे हुए हैं। संयुक्त सुरक्षा बलों ने कोबरा की मदद से अभियान चलाया। सुबह 3.30 बजे जैसे ही सुरक्षा बलों के जवान जंगल में घुसे नक्सलियों ने उन हमला कर दिया। जवानों ने जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ के दौरान मौके पर ही सीआरपीएफ जवान डी. स्टीफन शहीद हो गया।"
23 वर्षीय स्टीफन सीआरपीएफ में 184 बटालियन में कांस्टेबल थे। जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए 'मिदनापुर मेडिकल कॉलेज एण्ड हॉस्पीटल' भेजा गया है। त्रिपाठी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान एक नक्सली भी मारा गया। गोलीबारी सुबह 8.30 बजे तक होती रही।
अधीक्षक ने कहा, "मारे गए नक्सली की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है।" जनजातीय संगठन पुलिस संत्रास विरोधी जनसाधारण कमेटी (पीसीपीए) के सूत्रों ने बताया कि मारा गया नक्सली जयदेव महतो था। गौरतलब है कि राज्य के तीन जिलों पश्चिमी मिदनापुर, बांकुरा और पुरुलिया को नक्सलियों का गढ़ माना जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications