कश्मीर में कर्फ्यू में ढील
श्रीनगर, 25 सितम्बर (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी में श्रीनगर सहित अन्य शहरों में शनिवार दोपहर बाद चरणबद्ध तरीके से कर्फ्यू में ढील दी गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "श्रीनगर शहर के ऊपरी हिस्सों में दोपहर 12 बजे के बाद कर्फ्यू में ढील दी गई। कानून और व्यवस्था की स्थिति शांतिपूर्ण रहने पर कर्फ्यू में ढील जारी रहेगी।"
अधिकारी ने बताया कि पुराने शहर के क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से कर्फ्यू में ढील दी जाएगी। घाटी के अन्य कस्बों में कर्फ्यू में ढील देने के आदेश पहले ही पारित हो चुके हैं।
कर्फ्यू में ढील मिलते ही सड़कों पर सरकारी और निजी परिवहन सेवा सामान्य होने लगी और बाजार खुलने लगे। ढील के दौरान लोग घरों से बाहर निकले।
एक सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता ने बताया, "करीब एक महीने बाद मैं अपने 12 साल के भतीजे के साथ कॉफी पीने आया हूं। स्थिति ऐसी बन गई थी कि कॉफी पीने के लिए बाहर निकलना मुश्किल था।"
पुलिस अधिकारी ने बताया कि कर्फ्यू में ढील के दौरान कहीं से भी अप्रिय घटना का समाचार प्राप्त नहीं हुआ है। खुफिया एजेंसियों की सूचना पर कि शुक्रवार को नमाज अदा करने के बाद अलगाववादियों की विरोध प्रदर्शन की योजना है, कर्फ्यू में ढील नहीं दी गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications