पाकिस्तान के साथ बातचीत के अलावा कोई विकल्प नहीं : कृष्णा
कृष्णा ने न्यूयार्क में कहा, "वे हमसे जो कुछ चर्चा करना चाहते हैं और हम उनसे जो चर्चा करना चाहते हैं, हमारे बीच वे सभी चर्चाएं होंगी।"
कृष्णा, पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की ओर से हाल में जारी हुए बयान पर पूछे गए प्रश्नों का जवाब दे रहे थे।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया था कि कश्मीर पर भारत के साथ तब तक कोई अर्थपूर्ण, परिणाम केंद्रित बातचीत नहीं हो सकती, जब तक वह कश्मीर को अपना अभिन्न अंग मानना बंद नहीं कर देता। इसके अलावा कुरैशी ने कश्मीर मुद्दे के समाधान के लिए अमेरिकी हस्तक्षेप की मांग की थी।
कृष्णा की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब एक दिन पहले ही शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र में कुरैशी के साथ उनका सामना हुआ था और दोनों ने एक-दूसरे का गर्मजोशी से स्वागत किया था और पाकिस्तान में बाढ़ के बारे में बातचीत की थी।
कृष्णा ने कहा, "जब मैं इस्लामाबाद गया था तो हमने बातचीत की थी और मैंने कुरैशी को भारत आने का न्योता दिया था। उन्होंने मेरे निमंत्रण को बहुत ही विनम्रता से स्वीकार किया था। मैं दिल्ली में उनके आगमन का इंतजार कर रहा हूं.. और उनके आने की तारीख तय की जानी है।"
कृष्णा की इस टिप्पणी से अगले सप्ताह के प्रारंभ में कुरैशी के साथ एक ठोस द्विपक्षीय बातचीत की संभावना बलवती हो गई है।
भारतीय राजनयिकों ने हालांकि अभी किसी द्विपक्षीय बैठक की पुष्टि नहीं की है। सूत्रों ने नई दिल्ली में सिर्फ इतना कहा कि अभी तक कुछ भी तय नहीं हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications