माफिया सरगना छोटा राजन का करीबी साथी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश एटीएस ने शनिवार को राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के पास से छोटा राजन के करीबी साथी मोहम्मद असलम उर्फ शेरू को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक यात्रा टिकट, मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त किया गया।
उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, लखनऊ की तरफ से शनिवार शाम एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर गिरफ्तारी के बारे में आधिकारिक जानकारी दी। शेरू पर मुंबई के विभिन्न थानों में हत्या और हत्या के प्रयास के 28 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
अधिकारियों के मुताबिक शेरू पिछले कुछ समय से छुपकर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों में रह रहा था। मुंबई पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी के लिए उत्तर प्रदेश एटीएस से संपर्क किया था।
शेरू के लखनऊ में होने की गुप्त सूचना के बाद एटीएस ने शनिवार को इसे धर दबोचा। वह रेलवे स्टेशन से कहीं भागने की फिराक में था। एटीएस के साथ मुंबई पुलिस की एक टीम भी मौजूद थी।
शेरू को लखनऊ न्यायालय में पेश करने के बाद मुंबई पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications