नरसिंहपुर की भुगुवारा पंचायत पढ़ाएगी स्वच्छता का पाठ
नरसिंहपुर (मध्य प्रदेश), 25 सितम्बर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर की भुगुवारा ग्राम पंचायत अपने अभिनव प्रयासों से निर्मल ग्राम बनने की ओर अग्रसर है। करीब 2300 की जनसंख्या वाली इस ग्राम पंचायत में 22 अक्टूबर को हाथ धुलाई के अभियान की विशेष कार्ययोजना बनाई गई है।
लोगों को हाथ धोने के सही तरीके बताने के लिए ग्राम पंचायत की ओर से गांव में चार स्थानों पर सामूहिक हाथ धोने की व्यवस्था की जा रही है। यहां स्कूल के बच्चे अपने अभिभावकों और ग्रामीणों को साबुन से हाथ धोने के फायदे बताएंगे।
भुगुवारा स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय की हर्षिता साहू, खुशबू पाठक, उर्मिला पटेल, दुर्गा पाठक, ज्योति शुक्ल अपने सभी छात्र सहयोगियों के साथ मिलकर ग्राम सरपंच राधा किलेदार को मुखिया बनाकर नुक्कड़ नाटक एवं रैली का आयोजन करेंगी, साथ ही ग्राम पंचायत सभी छात्रा-छात्राओं को विशेष हाथ धुलाई के अभियान के लिए साबुन उपलब्ध करवाएगी।
ग्राम बगुवारा की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता दीपा सेन ने बताया कि पिछले वर्ष जब यह अभियान 15 अक्टूबर को मनाया गया था, तब से इस गांव की करीब 40 महिलाएं इस आयोजन से बड़ी ही संजीदगी से जुड़ीं और एक वर्ष के बाद भी इसे अपनाए हुई हैं।
आठवीं पास नेहा पाठक के पति खेती करते हैं। चार बच्चों की मां नेहा अच्छी तरह जनती हैं कि परिवार को स्वस्थ्य रखने के लिए शौच के बाद और भोजन के पूर्व साबुन से अच्छी तरह हाथ धोना चाहिए। अभी ये आंगनवाड़ी में भोजन बनाने का कार्य करती हैं।
दो बच्चों की मां रामरती पटेल, केवल पांचवीं कक्षा तक ही पढ़ी हैं। वह भी साबुन से हाथ धोती हैं और अपने परिवार को बीमारियों से बचाती हैं। खेतो में काम करने वाली विमला बेन दुबे मात्र पांचवीं पास हैं। विमला ने पिछले वर्ष आगंवाड़ी में साबुन से हाथ धोने के फायदों के बारे में जाना था, तभी से वह स्वयं तथा परिजनों को डायरिया एवं अन्य बीमारियों से बचाती आई हैं।
समूह की एक और सदस्य मुन्नी बाई जो अनपढ़ हैं, बहुत सरलता से साबुन से हाथ धोने के फायदे अपनी बोली में बताती हैं, "साबुन से हम रोज ही हाथ धोवत हैं, ये तो हमर पहिला फर्ज है कि घर में सबै ठीक रहें।" फर्राटे से अंग्रेजी बोलने वाली ग्राम पंचायत की अध्यक्ष का कहना है कि डायरिया एवं निमोनिया से हजारों कि संख्या में शिशुओं की मौत हो जाती है। ऐसे में साबुन से हाथ धोना और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करना जरूरी है।
राधा किलेदार ग्राम पंचायत के सदस्यों, आगंनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्कूल की छात्राओं के साथ महीने भर हाथ धुलाई का विशेष अभियान चलाएंगी। उन्होंेने कहा कि इस अभियान से यूनीसेफ की ओर से राज्य में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को भी बल मिलेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications