चर्खा ने की लद्दाख पुरस्कारों की घोषणा
नई दिल्ली, 25 सितम्बर (आईएएनएस)। लद्दाख क्षेत्र में शिक्षा, पर्यावरण और अपंगता जैसे मुद्दों पर सामुदायिक दृष्टिकोण जाहिर करने वाले लेखों को प्रोत्साहित करने के लिए 'चर्खा डेवलपमेंट कम्यूनिकेशन नेटवर्क' ने दो पुरस्कारों की घोषणा की है। इन पुरस्कारों के लिए लद्दाख के नागरिकों सहित देश भर के पत्रकार, पेशेवर, विद्यार्थी और सामाजिक कार्यकर्ता अपने लेख भेज सकते हैं।
'संजय घोष लद्दाख वुमन राइटर्स अवार्ड' में 18 वर्ष से कम उम्र की महिलाएं हिस्सा ले सकती हैं, जबकि 'संजय घोस स्पेशल राइटर्स अवार्ड 2010-11' में 18 वर्ष से अधिक उम्र के विकलांग (महिला और पुरुष) भाग ले सकते हैं।
लेख, लद्दाख में हाल ही में आए आपदा और उसके प्रबंधन में समाज, सरकारी एजेंसियों और गैर सरकारी संस्थाओं के प्रयास के संदर्भ में होने चाहिए। लेख में इस बात का भी उल्लेख होना चाहिए कि ये संस्थाएं लद्दाख के लोगों के लिए कैसे बेहतर दशाओं का निर्माण कर सकती हैं।
इनमें तीन 'लद्दाख वूमेन्स राइटर्स अवार्डस' होंगे। तीनों पुरस्कारों में 5000 रुपये की राशि दी जाएगी जबकि एक 'स्पेशल राइटर्स अवार्ड' के लिए 2000 रुपये दिए जाएंगे। अभ्यर्थियों को अपने लेखन में लद्धाख के विकास के मुद्दों पर अपनी रुचि प्रदर्शित करते हुए इसे मीडिया से जोड़ना होगा।
आवेदन पत्र के बारे में विशेष जानकारी चर्खा की वेबसाइट (डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट चर्खा डॉट ओआरजी) पर दी गई है। अभ्यर्थी वेबसाइट से आवेदन पत्र भी प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र उर्दू, अंग्रेजी, हिंदी अथवा लद्दाखी में भेजे जा सकते हैं। सभी अवार्ड्स की घोषणा दिल्ली में चर्खा दिवस के दिन सात दिसम्बर 2010 को की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।









Click it and Unblock the Notifications