यूपी में ट्रेन पटरी से उतरी, इंजन-डिब्बे पानी में डूबे
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कांशीराम जिले में शुक्रवार को रुहेलखंड एक्सप्रेस का इंजन और दो डिब्बे पटरी से उतरकर बाढ़ के पानी में चले गए। इसकी वजह से रेलगाड़ी का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि कुछ यात्रियों को भी चोटें आईं।
हादसा शुक्रवार सुबह बरेली-एटा रेलमार्ग पर हुआ। कांशीराम नगर के जीआरपी प्रभारी ने बताया कि कासगंज (कांशीरामनगर) से ऐशबाग (लखनऊ) जा रही रुहेलखंड एक्सप्रेस का इंजन और दो डिब्बे पटरी से उतरकर नीचे भरे बाढ़ के पानी में चले गए। रेलमार्ग के आसपास बारिश और बाढ़ का पानी भरा हुआ है।
उन्होने बताया कि हादसे में रेलगाड़ी का चालक बुरी तरह से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे में तीन-चार यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं। रेलगाड़ी के लापता सहचालक को लेकर उसे पानी में डूबने की आशंका जताई जा रही है।
उन्होंने कहा कि रेल अधिकारी मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि आसपास पानी भरे होने के कारण रेलमार्ग धंस गया था। जिसके कारण हादसा हुआ। जांच के बाद ही सही तथ्य सामने आ पाएंगे। घटना के बाद बरेली-एटा रेलमार्ग पर यातायात बाधित हो गया है। रेल कर्मचारी मौके पर पहुंचकर रेलमार्ग को सुचारू बनाने के प्रयास कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications