महाराष्ट्र के मंत्री पुत्र के विरुद्ध मामले में नया मोड़ (लीड-2)
नीतेश ने कहा कि उन्हें निहित स्वार्थ के तहत फंसाया गया है, जबकि विपक्षी पार्टियों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं शिवसेना ने मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की।
हीरानंदानी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सुधीर चटर्जी ने शुक्रवार की शाम संवाददाताओं से कहा कि पीड़ित शमीम जमालुद्दीन शेख उर्फ चिंटू गुरुवार को यहां भर्ती हुआ था, जिसकी चिकित्सा जांच की गई।
उन्होंने बताया, "हमने एक्स-रे और सीटी स्कैन किया, लेकिन गोली लगने से घायल होने की पुष्टि नहीं हुई। उसकी हालत स्थिर है।"
वहीं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पश्चिम) अमिताभ गुप्ता ने इस मामले में आए नए मोड़ पर कोई टिप्पणी करने से इंकार किया।
पुलिस अधिकारियों ने हालांकि संकेत दिया कि प्राथमिक चिकित्सा रिपोर्ट में सामने आए तथ्य के आधार पर मामले के जांचकर्ता इसकी समीक्षा कर सकते हैं और नीतेश राणे पर लगे हत्या के प्रयास का गंभीर आरोप वापस लिया जा सकता है।
नीतेश ने मीडियाकर्मियों से कहा था, "पुलिस को जांच पूरी करने दीजिए, पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।"
उधर, महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता एकनाथ खडसे ने हत्या के प्रयास मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की।
खडसे ने मीडियाकर्मियों से कहा, "सरकार नीतेश को बचाने का प्रयास कर रही है। निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए यह मामला सीबीआई को सौंप दिया जाना चाहिए।"
मांग का समर्थन करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुधीर मुंगनतिवार ने कहा कि कांग्रेस कभी मजदूरों की पार्टी थी, "आज यह नेताओं के पुत्रों की पार्टी हो गई है। आरोप साबित होने पर नीतेश के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।"
पुलिस नीतेश के अलावा नितिन वर्धनारायण, जाहिद शेख और कुछ अन्य की तलाश कर रही है। इन पर आरोप है कि इन्होंने विखरौली पूर्व में रहने वाले शमीम जमालुद्दीन शेख उर्फ चिंटू (35) पर हमला किया।
गैर सरकारी संगठन 'स्वाभिमान संगठन' के प्रमुख नीतेश के सहयोगियों ने इस मामले में शामिल होने से इंकार करते हुए इन आरोपों को गलत बताया है।
पुलिस के मुताबिक मामले की पड़ताल जारी है और खार पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। अभी तक इस मामले में किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
शेख के मुताबिक गुरुवार दोपहर वह नीतेश राणे से मिलने पश्चिम खार स्थित उनके कार्यालय गए थे, तभी अचानक नीतेश और उनके सहयोगियों ने उन्हें मारना-पीटना शुरू कर दिया।
शेख के मुताबिक जब उन्होंने भागने की कोशिश की तभी उन पर रिवॉल्वर से गोली चलाई गई जिससे वह घायल हो गए। इस घटना के बाद शेख को पोवई स्थित हीरानंदानी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शेख ने गुरुवार रात संवाददाताओं से कहा था कि वह तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक नीतेश पर मामला दर्ज नहीं होता।
गौरतलब है कि शेख महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ता रह चुके हैं और हाल ही में नीतेश के गैर सरकारी संगठन से जुड़े थे।
शेख की पत्नी सिमरन ने बताया कि राणे परिवार के साथ उनके काफी अच्छे संबंध थे और वह हर साल रक्षाबंधन पर नीतेश को राखी भी बांधती थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications