जेलर को डकैत ने दी हत्या की धमकी
पिछले दिनों बंदियों की बैरकों से आपत्तिजनक चीजें बरामद करने से नाराज चम्बल के कुख्यात डकैत देशू गुर्जर ने शुक्रवार सुबह अहमद को फोन कर हत्या करने की धमकी दी थी।
जोधपुर जेल में हाल ही में बंदी द्वारा जेलर की हत्या के मामले को देखते हुए धौलपुर जेल के जेलर को मिली धमकी से पुलिस सकते में है।
देशू गुर्जर भरतपुर की एक जेल में सजा काट रहे कुख्यात डकैत जगन गुर्जर का भाई है। उसने जेलर फिरोज अहमद को शुक्रवार सुबह फोन कर अगले कुछ घंटों में जान से मारने की धमकी दी है। इसके बाद अहमद की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जोधपुर और अजमेर जेल के घटनाक्रम के बाद धौलपुर जेल के जेलर अहमद ने गुरुवार को जेल का निरीक्षण कर कुछ बंदियों से आपत्तिजनक चीजें बरामद की थी। जगन गुर्जर के नजदीकी लोगों से भी इस तरह की चीजें मिली। इस बात की जानकारी देशू गुर्जर को पता चली तो उसने जेलर अहमद को जान से मारने की धमकी देते हुए किसी प्रकार की कार्यवाही करने से मना किया था।
धौलपुर के पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि अहमद की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और जेल व जेलर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि धौलपुर जेल में सुरक्षा व्यवस्था पहले ही बेहतर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications