मोटर बोट पलटने से 3 बच्चियों की मौत
लखनऊ, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के बाढ़ग्रस्त जलालाबाद इलाके में राहत एवं बचाव कार्य के दौरान सेना की मोटर बोट पलट गई, जिससे तीन बच्चियों की मौत हो गई। ये बच्चियां एक माह से चार वर्ष तक उम्र की थीं।
प्रदेश में हो रही भारी बारिश और उत्तराखण्ड के कालागढ़, नंद सागर, भमगोड़ा बांध से लाखों क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण गंगा, रामगंगा, कोसी और मालन नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।
बिजनौर, अमरोहा, शाहजहांपुर, बरेली, रामपुर, बुलंदशहर, सहारनपुर, बदायूं और फरु खाबाद जिलों में रामगंगा, मालन, कोसी और गंगा नदी लगातार उफान पर है, जिससे इन जिलों के निचले इलाकों के 500 से अधिक गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। इन जिलों में बाढ़ से करीब पांच लाख आबादी प्रभावित हुई है।
मुरादाबाद में हालांकि स्थिति पहले से थोड़ी सुधरी है। कोसी के जलस्तर में गिरावट आने से जिन रिहायशी इलाकों में तीन से चार फुट तक पानी भर गया था, वहां जलस्तर अब कम हो रहा है।
मुरादाबाद के अपर जिलाधिकारी (वित्त) के. के. सिंह ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव दल द्वारा बाढ़ प्रभावित इलाके में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है। जिले की दो लाख से अधिक आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। जिले में बाढ़ से अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है।
उधर, पूर्वी उत्तर प्रदेश में दस से ज्यादा जिले पहले से ही बाढ़ की चपेट में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications