हाथियों की मौत पर ममता और रमेश ने दुख जताया
नई दिल्ली, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी इलाके में एक मालगाड़ी की चपेट में आकर सात हाथियों की हुई मौत पर रेल मंत्री ममता बनर्जी और केंद्रीय पर्यावरण एवं वन राज्यमंत्री जयराम रमेश ने गहरा दुख जताया। वहीं रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे 'दुर्भाग्यपूर्ण' बताया है।
रेल मंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को अपने वक्तव्य में कहा कि हाथियों के विशेष गलियारे की पहचान करने और रेलगाड़ियों के परिचालन में सावधानी बरतने के उद्देश्य से रेल मंत्रालय पर्यावरण एवं वन मंत्रालय के संपर्क में है।
उन्होंने कहा कि रेलवे बोर्ड को पर्यावरण एवं वन मंत्रालय के साथ मिलकर संयुक्त रणनीति तैयार करनी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं की रोकथाम हो सके।
घटना को गंभीरता से लेते हुए जयराम रमेश ने कहा कि वह जल्द ही भारतीय रेलवे बोर्ड से बात करेंगे और इस तरह के हादसे टालने के लिए उठाए जा रहे कदमों की पड़ताल करेंगे।
न्यूयॉर्क से जारी किए गए वक्तव्य में रमेश ने कहा कि उनका मंत्रालय हाथी वाले प्रमुख गलियारे के संरक्षण के लिए रेल मंत्रालय के साथ विचार-विमर्श करेगा।
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं पहले भी हुई हैं और वह कई बार रेल मंत्री को इस बारे में पत्र लिख चुके हैं। साथ ही रेलवे अधिकारियों के साथ कई बैठकें भी की हैं।
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया, "यह बहुत ही दु:खद घटना है। ऐसी घटनाओं को रोकने के उपाय पर विचार किया जाना चाहिए।"
उन्होंने कहा कि रेल विभाग ने वन विभाग को रेल पटरियों के दोनों ओर कांटेदार तार लगवाने का प्रस्ताव भेजा है, ताकि हाथी रेल लाइन को पार न कर सकें। इस योजना पर लगभग सात करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
गौरतलब है कि जलपाईगुड़ी इलाके में बुधवार की रात को हाथियों का एक झुंड मालगाड़ी की चपेट में आ गया था। झुंड में शामिल हाथी के दो बच्चे रेलवे ट्रैक में फंस गए और उन्हें बचाने की कोशिश में सात हाथियों की मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications