अधिकृत कश्मीर में मानवाधिकारों में सुधार लाए पाकिस्तान : कांग्रेस
नई दिल्ली, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को पाकिस्तान को सलाह दी कि जम्मू एवं कश्मीर की स्थिति के बारे में भारत को नैतिकता का उपदेश देने के बदले वह अधिकृत कश्मीर में लोकतंत्र और मानवाधिकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाए।
कश्मीर के हालात पर पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के बयानों को निर्थक करार देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि बाढ़ के कारण भारी समस्या का सामना करने के बावजूद पाकिस्तान अन्य देशों के अंदरूनी मामलों में हस्तक्षेप करने से बाज नहीं आ रहा है।
तिवारी ने कहा, "हम पाकिस्तानी शासकों को याद दिलाना चाहते हैं कि 1947 में पूरा जम्मू एवं कश्मीर राज्य भारत का था। लेकिन पाकिस्तान ने अनधिकृत रूप से कश्मीर के एक तिहाई हिस्से को चीन को दे दिया है।"
तिवारी ने कहा कि आतंकवाद जैसी समस्या के बावजूद भारत पिछले 63 सालों से जम्मू एवं कश्मीर में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत किए हुए है।
तिवारी ने कहा, "उत्तरी इलाकों और पाक अधिकृत कश्मीर में क्या हालात हैं। वहां कोई लोकतंत्र नहीं है, कोई मानवाधिकार नहीं है, किसी विदेशी पत्रकार को वहां जाने की अनुमति नहीं है।"
तिवारी ने कहा, "पाकिस्तान को हमारी सलाह है कि भारत को नैतिकता का उपदेश देने से पहले, उसके लिए यह उचित होगा कि अधिकृत इलाके में लोकतंत्र और मानवाधिकार बहाल करे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications