निलंबित पुलिस महानिरीक्षक के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट
अलप्पुझा (केरल), 24 सितम्बर (आईएएनएस)। एक व्यक्ति को कथित रूप से फंसाने के आरोप में निलंबित पुलिस महानिरीक्षक टामिन जे. थाचेंकेरी की जमानत रद्द करते हुए न्यायालय ने उनके खिलाफ शुक्रवार को गिरफ्तारी वारंट जारी किया। एक अन्य मामले में भी थाचेंकेरी के खिलाफ जांच चल रही है।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की जांच का सामना कर रहे थाचेंकेरी को प्रकाशन नाम के व्यक्ति की ओर से दायर मामले में जमानत मिल गई थी। प्रकाशन ने थाचेंकेरी पर आरोप लगाया है कि वर्ष 1991 में जब वह अलप्पुझा में सहायक पुलिस अधीक्षक था उस समय थाचेंकेरी ने उसे एक गलत मामले में फंसा दिया था।
थाचेंकेरी ने अपने एक पड़ोसी की मौत के मामले में प्रकाशन को फंसाया था। सुनवाई के दौरान न्यायालय ने पाया कि थाचेंकेरी के पड़ोसी ने आत्महत्या की थी। इसके बाद प्रकाशन को मामले से बरी कर दिया गया।
इसके बाद प्रकाशन ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और कहा कि वह थाचेंकेरी की साजिश का शिकार हुआ है। थाचेंकेरी को न्यायालय में शुक्रवार को हाजिर होना था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुए।
उनके उपस्थित न होने पर न्यायालय ने उसकी जमानत रद्द करते हुए उनके खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी किया।
उल्लेखनीय है कि थाचेंकेरी ने मध्य पूर्व देश की यात्रा के लिए सरकार से अनुमति नहीं ली थी। इस बात की जानकारी जब मुख्यमंत्री वी.एस. अच्युतानंदन को दी गई तो उन्होंने थाचेंकेरी को अप्रैल महीने में निलंबित कर दिया। थाचेंकेरी ने कतर की यात्रा के समय संदिग्ध आतंकी संबंध रखने वाले लोगों से मुलाकात की थी। इस मामले की भी जांच चल रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications