गोपालगंज में बाढ़ की स्थिति में सुधार, राहत कार्य जारी
पटना, 24 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के गोपालगंज जिले में गंडक नदी के तटबंध टूटने के बाद आई बाढ़ में तेजी से सुधार हो रहा है। जिले के एक-दो गांवों को छोड़कर आसपास के सभी गांवों में बाढ़ का पानी तेजी से घट रहा है।
गोपालगंज में आई बाढ़ के बाद खोले गये राहत शिविरों में अभी भी करीब 6,000 लोग पनाह लिये हुए हैं।
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव व्यास जी ने शुक्रवार को बताया कि गंडक में पानी घट रहा है इस कारण बाढ़ प्रभावित इलाकों में भी स्थिति सुधर रही है। हालांकि उन्होंने कहा कि अभी भी राहत शिविरों में 6,000 लोग रह रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सेमरिया गांव में अभी भी बाढ़ का पानी फैला हुआ है। उन्न्होंने बताया कि तटबंध टूटे के बाद आई बाढ़ से करीब 10,000 लोग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। व्यास जी के मुताबिक जिला के चार प्रखंडों सिधवलिया, बरौली, बैकुंठपुर तथा मांझा में एक मेगा शिविर तथा पांच राहत कैम्प खोले गये हैं।
उन्होंने कहा कि इन शिविरों के आसपास करीब चार दर्जन हैंडपंप लगाये गये हैं। इसके अलावा चार स्वास्थ्य केन्द्र एवं चार पशु संरक्षण केन्द्र बनाये गये हैं। उन्होंने बताया कि अब तक विभाग द्वारा बाढ़ पीड़ितों को 8,682 भोजन के पॉकेट तथा 1,047 पॉलीथीन शीट्स वितरित किये जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि राहत शिविरों में 48 चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई तथा 612 मेडिकल स्टॉफ की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त जिला के 16 एम्बुलेंसों में से 14 एम्बुलेंसों को इन राहत शिविरों में रखा गया है।
उल्लेखनीय है कि गोपालगंज के बरौली प्रखंड के सेमरिया गांव के पास रविवार को गंडक नदी का बचाव बांध टूट गया था जबकि 16 सितंबर को मुख्य तटबंध टूट गया था। इसके बाद जिला के कई गांवों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications