हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ
शिमला में मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया, "राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मध्य व निचले क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद शुक्रवार सुबह धूप खिली।"
उन्होंने बताया, "शुक्रवार को बारिश भी हो सकती है। अगले हफ्ते से मानसून का दौर खत्म होना शुरू हो जाएगा।"
सिंह ने कहा कि सर्द हवाओं के कारण तापमान में कमी आई है। मौसम विभाग के अनुसार शिमला में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार को यह 13.6 डिग्री रहा। किन्नौर जिले के कालपा में तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
एक सरकारी प्रवक्ता का कहना है कि गुरुवार से बारिश में कमी आई है। इसके चलते सतलुज, ब्यास, यमुना और उनकी सहायक नदियों के जलस्तर में कमी आनी शुरू हो गई है।
राज्य में मूसलाधार बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21 और 22 पर भारी भूस्खलन हुआ है। इसकी वजह से शिमला, किन्नौर, मंडी और कुल्लू जिले के आतंरिक हिस्सों में यातायात प्रभावित हुआ है।
प्रवक्ता ने बताया कि अधिकतर इलाकों में यातायात व्यवस्था बहाल करने का काम चल रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications