भारत ने कश्मीर पर पाकिस्तान की टिप्पणियां खारिज की
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने कहा, "भारत जम्मू एवं कश्मीर पर पाकिस्तान द्वारा की गई बेतुकी टिप्पणी को दृढ़ता से खारिज करता है। यह टिप्प्णी भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप है।"
विष्णु प्रकाश ने कहा, "पाकिस्तान को नियंत्रण रेखा के पार से की जा रही घुसपैठ के खिलाफ विश्वसनीय एवं ठोस कार्रवाई करनी चाहिए और सीमा पार स्थित आतंकी ढाचे को उसे ध्वस्त कर देना चाहिए।"
प्रकाश ने कहा, "जम्मू एवं कश्मीर के लोगों के कल्याण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण योगदान होगा, क्योंकि राज्य के लोग नियंत्रण रेखा और अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पार से पैदा किए जा रहे आतंकवाद का खामियाजा भुगत रहे हैं।"
प्रकाश पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी की उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे, जिसमें उन्होंने कश्मीर में मानवाधिकारों के कथित उल्लंघन किए जाने की बात कही थी।
कुरैशी ने कहा था, "पाकिस्तान कश्मीरी लोगों के साथ खड़ा रहेगा। कश्मीर में मानवाधिकारों का सरासर व सुनियोजित उल्लंघन बंद होना चाहिए। पाकिस्तान भारत सरकार से आग्रह करता है कि वह राज्य में संयम बरते।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications