मप्र में भ्रष्टाचार का बोलबाला : पचौरी
रीवा, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेशकांग्रेस इकाई के अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने शिवराज सिंह चौहान की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि राज्य में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। योजनाओं में गड़बड़ियां जारी हैं और जनता के हक पर डाका डाला जा रहा है।
रीवा में कांग्रेस द्वारा सरकार की नीतियों के खिलाफ शुक्रवार को आयोजित आक्रोश पर्व में पचौरी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा भेजी गई राशि को शिवराज सरकार खर्च नहीं कर पा रही है। वहीं पर्याप्त कोयला मिलने के बावजूद केंद्र पर पक्षपात के आरोप लगाए जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हकीकत यह है कि प्रदेश सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए अनर्गल प्रलाप कर रही है। इतना ही नहीं, एक तरफ प्रदेश के लगभग हर हिस्से में बिजली कटौती की जा रही है, दूसरी ओर राज्य सरकार ने करोड़ों रुपये की बिजली बेच दी है।
मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी ने शिवराज सरकार को किसान विरोधी करार देते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में गरीबों और किसानों को प्र्याप्त बिजली दी जाती थी मगर आज किसानों को बिजली तो मिल नहीं रही है, ऊपर से हजारों के बिल थमाए जा रहे हैं। जो किसान इन बिलों को नहीं भर रहा है, उसे जेल तक भेजा जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications