राष्ट्रमंडल खेल : शिवराज नहीं पहुंचे क्वींस बैटन का स्वागत करने
दिल्ली में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए बकिंघम पैलेस, लंदन से निकली क्वींस बैटन रिले अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक शुक्रवार को भोपाल पहुंची। इस रिले के स्वागत समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को शामिल होना था, मगर वे नहीं पहुंचे।
बता दें कि पिछले दिनों से चौहान लगातार राष्ट्रमंडल खेलों का विरोध करते आ रहे हैं। उन्होंने इन खेलों को गुलामी का प्रतीक तक बताया था। शुक्रवार को क्वींस बैटन रिले के स्वागत में आयोजित समारोह में चौहान के न पहुंचने को उनके विरोध से जोड़कर देखा जा रहा है।
चौहान ने एक चैनल से बातचीत मे कहा है कि यह खेल दासता का प्रतीक है और ऐसे में वह बैटन लेकर क्यों घूमें। वहीं सरकार के प्रवक्ता और संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस मसले पर कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।
क्वींस बैटन रिले का रतलाम में खेल मंत्री तुकोजीराव पवार, इंदौर में उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और भोपाल में नगर प्रशासन मंत्री बाबू लाल गौर ने अगवानी की। भोपाल पहुंची क्वींस बैटन रिले का बैरागढ़ में जोरदार स्वागत किया गया। उसके बाद उसे बड़ी झील पर पानी के रास्ते लाया गया। वहीं टीटी नगर स्टेडियम में रंगारंग कार्यक्रम हुआ।
राष्ट्रमंडल एक्सप्रेस रेल प्रदर्शनी भी शुक्रवार को भोपाल पहुंची। इस प्रदर्शनी का उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने उद्घाटन किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications