भाजपा ने कठलाल विधानसभा सीट जीती (लीड-2)
कैरा जिला स्थित इस सीट को कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। भाजपा प्रत्याशी ने इस उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार को 21,000 से ज्यादा मतों से पराजित किया।
भाजपा प्रत्याशी कांतिभाई दाभी को 62,120 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस प्रत्याशी घीलाभाई जाला को 40,573 मत मिले।
कांग्रेस विधायक गौतम जाला के निधन से खाली हुई इस सीट पर उपचुनाव कराया गया था। जीत से उत्साहित भाजपा नेताओं ने इसे मोदी के जन्मदिन का तोहफा बताया है।
मुख्यमंत्री मोदी ने कठलाल निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं को बधाई दी और कहा कि विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की यह ऐतिहासिक जीत है। उन्होंने इसे जन्मदिन का तोहफा स्वीकार किया। इस जीत को गुजरात की भाजपा सरकार को मतदाताओं का भारी समर्थन बताते हुए मोदी ने कहा कि यह कांग्रेस की वोट बैंक की राजनीति, उसके गुजरात सरकार पर आरोपों और कांग्रेस-केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की मिलीभगत की हार है।
उन्होंने कहा कि राज्य के 50 वर्षो के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब भाजपा ने कांग्रेस को उसके गढ़ में मात दी है।
अन्य भाजपा नेताओं ने सोहराबुद्दीन शेख हत्याकांड में राज्य के पूर्व गृह राज्यमंत्री अमित शाह की गिरफ्तारी का हवाला देते हुए कहा कि यह जीत कांग्रेस-सीबीआई षड्यंत्र की हार है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामसिंह परमार ने हालांकि आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा ने जीत के लिए बड़े पैमाने पर सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया है। उल्लेखनीय है कि कठलाल में 13 सितम्बर को हुए मतदान में 62 प्रतिशत मतदान हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications