प्रणब के नेतृत्व में जा सकता है प्रतिनिधिमंडल, घाटी में 2 की मौत (लीड-2)
पुलिस के मुताबिक बारामूला जिले से लगभग 35 किलोमीटर दूर तापेर गांव के पास लोगों ने श्रीनगर-बारामूला सड़क को जाम कर दिया। उन्हें हटाने के लिए सुरक्षाबलों द्वारा हस्तक्षेप करने पर भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया।
पुलिस के मुताबिक उग्र प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए जवानों को गोलीबारी करनी पड़ी। गोलीबारी के दौरान गुलाम रसूल भट्ट (25) नाम का एक प्रदर्शनकारी घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना में तीन प्रदर्शनकारी घायल भी हुए।
इससे पहले राज्य के बडगाम जिले में सुरक्षाबलों की गोलीबारी में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पीड़ित युवक की पहचान फैय्याज अहमद (22) के रूप में की गई।
पुलिस के मुताबिक दोनों घटनाएं उस समय हुईं जब प्रदर्शनकारियों ने कर्फ्यू का उल्लंघन कर सुरक्षाबलों पर हमला कर दिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "श्रीनगर शहर और उत्तरी कश्मीर के सोपोर, बारामूला, हनद्वाडा, कुपवाड़ा, त्रेहगाम, गांदेरबल, बांदीपोरा, कस्बों में शुक्रवार को भी बेमियादी कर्फ्यू जारी रहा।"
अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा अनंतनाग, पुलवामा, कूइमोह, बिजबेहरा, कुलगांम, शोपियां, पामपोर, मध्य बडगाम, चादुरा, ओमपोरा और हुमहामा कस्बों में भी कर्फ्यू में ढील नहीं दी गई।
इधर नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) कार्यालय के एक पदाधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि सोमवार और मंगलवार को राज्य के दौरे पर जाने वाले प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी के करने की संभावना है जबकि केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम इसमें शामिल रहेंगे।
सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस कोर कमेटी की हुई बैठक में इस बारे में निर्णय लिया गया। उन्होंने वरिष्ठ मंत्रियों प्रणब मुखर्जी, पी. चिदंबरम और रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी के साथ कश्मीर के ताजा हालात और सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के लिए कांग्रेस की तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद, प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री पृथ्वीराज चव्हाण और कश्मीर कांग्रेस के अध्यक्ष सैफुद्दीन सोज भी शामिल हुए।
कश्मीर में जारी हिंसा के खात्मे के लिए उठाए जाने वाले कदमों से पहले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल वहां जाकर स्थिति को सीधे तौर पर समझना चाहता है।
जम्मू और कश्मीर में प्रतिनिधिमंडल भेजे जाने का फैसला बुधवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में हुई सर्वदलीय बैठक में लिया गया, जिसमें 39 राजनीतिक पार्टियों के नेताओं और समूहों ने हिस्सा लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications