केरल में पदाधिकारियों का चुनाव करेंगी सोनिया
हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड जैसे कई राज्य पहले ही नए पदाधिकारियों के चयन के लिए गांधी को अधिकृत कर चुके हैं।
पदाधिकारियों के चयन हेतु गांधी को अधिकृत किए जाने का प्रस्ताव पार्टी की आम सभा की बैठक में राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष सी.वी.पद्मराजन ने किया और आर्यदन मोहम्मद ने प्रस्ताव का समर्थन किया। बैठक की अध्यक्षता राज्य इकाई के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एन.कृष्णास्वामी ने की।
बैठक के बाद यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कृष्णास्वामी ने कहा कि इस निर्णय पर पूर्ण सहमति रही कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को कहा जाए कि वह नए पदाधिकारियों का चयन करें।
कृष्णास्वामी ने कहा, "इस निर्णय से हर कोई खुश था और सभी इस पर सहमत थे। मैंने पूर्व मुख्यमंत्री के.करुणाकरण से भी बात की थी और उन्हें भी इसमें कोई समस्या नहीं है।"
दरअसल, इस बात की खबर थी कि करुणाकरण गुट पार्टी की शुक्रवार की बैठक का बहिष्कार कर सकता है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। हालांकि करुणाकरण स्वयं बैठक में उपस्थित नहीं थे।
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने आईएएनएस को बताया कि ऐसा लगता है कि 2005 में पार्टी के राज्य अध्यक्ष बने रमेश चेन्निथला अपने पद पर बने रहेंगे। ऐसी स्थिति में एक तरह से पदाधिकारियों की निवर्तमान टीम ही फिर से नामित की जा सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications