चर्चित हस्तियों की टिप्पणियों को चुनावी हथियार बनाएगा राजग
राजग ने अगले चुनाव में मुख्य रूप से विकास को अपना मुद्दा बनाया है। ऐसे में उसने राज्य में किए गए विकास कार्यो और आए बदलावों को जनता के सामने रख उनसे साथ देने की गुहार लगाना तय किया है। इसके मद्देनजर गठबंधन में शामिल दोनों दलों ने चर्चित हस्तियों की टिप्पणियों को हथियार के रूप में इस्तेमाल करने की ठान ली है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता संजय मयूख ने आईएएनएस को बताया कि सरकार के पिछले पांच वर्ष के कार्यकाल को लेकर राजग जनता के बीच जा रहा है। राजग ने विकास और राज्य में हुए बदलाव को ही मुख्य चुनावी मुद्दा बनाया है। ऐसे में पिछले पांच वर्षो के दौरान बिहार के विषय में अपने-अपने क्षेत्रों में चर्चित हस्तियों की टिप्पणियों का भी चुनाव प्रचार में इस्तेमाल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों में धर्म गुरू दलाई लामा, अर्थशास्त्री अमर्त्य सेन, माइक्रोसॉफ्ट प्रमुख बिल गेट्स और पूर्व राष्ट्रपति ए. पी. जे. अब्दुल कलाम प्रमुख हैं।
मयूख ने बताया कि ऐसे लोगों की टिप्पणियों को पर्चे के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा। भाजपा अपने सहयोगी दल जनता दल (युनाइटेड) से गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रचार में आने को लेकर भले मतभेद हो परंतु इस मामले में दोनों में सहमति है।
जद (यु) के प्रवक्ता अनिल पाठक भी मानते हैं कि राजग मतदाताओं से पर्चे के माध्यम से अपील करेगी कि राज्य में विकास की गाड़ी पटरी पर आ गई है, यहां कानून का राज्य चलता है, ऐसे में वे राजग का साथ दें। उन्होंने बताया कि दलाई लामा ने अपने बिहार दौरे पर कहा था कि वे बिहार आकर बहुत खुश हैं।
इसी तरह बिल गेट्स के उस बयान को पर्चे के माध्यम से दर्शाया गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि यह वह बिहार नहीं है जो पहले हुआ करता था। पर्चे में अमर्त्य सेन के उस बयान का जिक्र किया गया है जिसमें उन्होंने कहा था कि बिहार में स्थिति काफी बदल गई है। पाठक के मुताबिक पर्चे सभी क्षेत्रों में बांटे जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications