ओबामा के भारत दौरे की जमीन तैयार करने अमेरिका पहुंचीं राव
वाशिंगटन, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के आगामी नवम्बर में भारतीय दौरे की जमीन तैयार करने के लिए भारत की विदेश सचिव निरुपमा राव अमेरिका पहुंच गई हैं। इस दौरान वह आउटसोर्सिग तथा वीजा शुल्क में वृद्धि जैसे मुद्दों पर मतभेदों को दूर करने का भी प्रयास करेंगी।
राव ने गुरुवार को अमेरीकी समकक्ष और राजनीतिक मामलों के विदेश उप मंत्री विलियम बर्न्स के साथ कई दौर की बातचीत की।
दोनों पक्षों के अधिकारियों ने राव और बर्न्स की मुलाकात का ब्योरा देने से इंकार कर दिया। अधिकारियों ने केवल इतना संकेत दिया कि दोनों की मुलाकात ओबामा की भारत यात्रा के एजेंडे पर ही केंद्रित थी।
राव शुक्रवार को अमेरिका के रक्षा एवं वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगी और साथ ही ओबामा के राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के अधिकारियों से मिलेंगी। इस दौरान राव का विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन से भी मिलने का कार्यक्रम है।
भारत की विदेश सचिव राव शुक्रवार को सेंटर फार स्ट्रेटजिक एंड इंटरनेशनल स्ट्डीज (सीएसआईएस) के अधिकारियों के साथ बंद कमरे में बैठक को संबोधित करेंगी। बैठक के दौरान रक्षा एवं सुरक्षा के अलावा क्षेत्रीय स्थिरता, ऊर्जा और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
राव शनिवार को न्यूयार्क रवाना हो जाएंगी। वहां वह विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा के साथ अगले सप्ताह होने वाली संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र में हिस्सा लेंगी।
राव का वाशिंगटन दौरा ओबामा के आगामी भारत दौरे को देखते हुए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राव द्वारा अमेरिकी वार्ताओं में इस बात का खासा ध्यान रखा जा रहा है कि ओबामा के भारत दौरे से दुनिया भर में यह संदेश जाए कि अमेरिका की नई सरकार के साथ भारत-अमेरिकी सामरिक भागीदारी समझौते को गति दी जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications