उड़ीसा में समाचार पत्र प्रकाशक गिरफ्तार
उड़िया समाचार पत्र 'दैनिक सूर्यप्रभा' के मालिक, प्रकाशक और मुद्रक बिकास स्वैन को एक छात्र को एक सरकारी कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1.5 लाख रुपये एंठने के आरोप में गुरुवार को गिरफ्तार किया गया था।
शिकायत दर्ज कराने वाले मोहित पांडा ने मंगलवार को आरोप लगाया था कि स्वैन ने उसे नियुक्ति पत्र दिया था लेकिन वह नकली था। जब उसने अपना पैसा वापस मांगा तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
यह कथित घटना आठ महीने पहले की बताई गई है लेकिन पांडा ने मंगलवार को शिकायत दर्ज कराई।
गिरफ्तारी के बाद स्वैन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। न्यायालय ने उनकी जमानत नामंजूर कर दी।
कांग्रस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सहित विपक्षी दलों और पत्रकार संगठन इस कार्रवाई को सरकार द्वारा मीडिया के दमन के रूप में देख रहे हैं।
सूर्यप्रभा का संपादन केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के पूर्व निदेशक उमा शंकर मिश्रा कर रहे हैं।
समाचार पत्र के प्रबंध संपादक नवीन दास ने आईएएनएस से कहा, "वर्ष 2008 में शुरू हुए इस अखबार ने लगातार सरकार की गड़बड़ियों का खुलासा किया है।"
उन्होंने कहा, "उन्हें (स्वैन) सादे कपड़ों में आए पुलिसकर्मियों के एक दल ने गिरफ्तार किया। उन्हें उस समय गिरफ्तार किया गया जब वे अस्पताल में अपने पिता का इलाज करा रहे थे।"
दास ने कहा, "स्वैन पर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। यह कार्रवाई हमें चुप कराने के लिए है लेकिन हम झुकेंगे नहीं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications