कश्मीर में बेमियादी कर्फ्यू जारी
श्रीनगर, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी के सभी प्रमुख शहरों में बेमियादी कर्फ्यू शुक्रवार को पांचवें दिन लगातार जारी रहा। क्षेत्र में कमोबेश शांति बनी हुई है लेकिन स्थानीय लोग खाद्य पदार्थो और दवाइयों की कमी की शिकायत कर रहे हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "बेमियादी कर्फ्यू श्रीनगर शहर, सोपोर, हंडवाड़ा, कुपवाड़ा, त्रेगाम, गांदेरबल, बांदीपोरा और बारामूला में जारी रहेगा।"
उन्होंने बताया कि अनंतनाग, पुलवामा, कोएमोह, बिज्बेहारा, कुलगाम, शोपियां और पाम्पोर में कर्फ्यू में कोई ढील नहीं दी जाएगी। केंद्रीय बडगाम, चादौरा, ओम्पोरा और हमहमा में कर्फ्यू बरकरार रहेगा।
श्रीनगर के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने खाद्य पदार्थो, दवाओं, रसोई गैस आदि की कमी की शिकायत शुरू कर दी है। श्रीनगर के एक निवासी ने नाम नहीं छापने के अनुरोध के साथ बताया, "हमारे घर में तीन दिन का ही राशन बचा है। मेरी मां को मधुमेह है और उन्हें इंसुलिन की जरूरत पड़ती है। मुझे डर है कि कर्फ्यू के इन हालात में उनकी जान खतरे में पड़ सकती है।"
इस बारे में पूछने पर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "हमने स्थानीय टीवी और रेडियो चैनलों के माध्यम से बार-बार मुनादी कराई है कि किसी भी आपात स्थिति में करीबी थाने के थाना प्रभारी से संपर्क किया जाए।" उन्होंने बताया कि इस संबंध में थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारी ने बताया, "बीमारों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस का इस्तेमाल किए जाने के स्पष्ट आदेश हैं। लेकिन यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि एंबुलेंस और जरूरी वस्तुओं के वाहनों की जरूरत वास्तविक है।"
इस बीच हुर्रियत कांफ्रेंस के कट्टरपंथी धड़े के नेता सैयद अली शाह गिलानी ने 26 सितम्बर तक विरोध प्रदर्शन का समय सारिणाी जारी की है। इसके मुताबिक स्थानीय लोग 20 और 22 सितम्बर को सामान्य गतिविधियां कर सकते हैं। स्थानीय लोगों से सुबह सात से शाम सात बजे सामान्य गतिविधियां करने को कहा गया है।
घाटी में गत 11 जून से जारी हिंसा में अब तक 91 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications