कृषि और गैर कृषि क्षेत्र के बीच तालमेल जरूरी : थॉमस
नई दिल्ली, 15 सितम्बर (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि, उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री प्रो. के.वी. थॉमस ने बुधवार को कहा कि कृषि क्षेत्र और गैरकृषि क्षेत्र के बीच तालमेल जरूरी है। दोनों के बीच आय सृजन में संरचनात्मक असंतुलन और असामंजस्य है, जिन्हें शीघ्र दूर किया जाना चाहिए।
प्रसंस्कृत खाद्य, कृषि व्यवसाय और पेयजल पर आधारित दूसरे अंतर्राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन सह प्रदर्शनी में प्रो. थॉमस ने कहा कि कृषि क्षेत्र लगभग 58 प्रतिशत जनसंख्या के लिए जीविका का एक महत्वपूर्ण साधन है, लेकिन राष्ट्रीय सकल घरेलू उत्पाद में इसका योगदान महज 18 प्रतिशत ही है।
उत्पादन और उत्पादकता को बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा शुरू की गई कई योजनाओं की चर्चा करते हुए थॉमस ने कहा कि वर्ष 2004-05 से 2007-08 के दौरान कृषि क्षेत्र में कुल निवेश बढ़कर प्रतिवर्ष 8 प्रतिशत से लेकर 14.2 प्रतिशत हो गया है। इस अविध के दौरान सार्वजनिक क्षेत्र का निवेश बढ़कर 17.6 प्रतिशत से 22.5 प्रतिशत के बीच हुआ।
उन्होंने कहा कि हालांकि आने वाले वर्षो में सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों में कृषि के क्षेत्र में निवेश की प्रक्रिया में तेजी लाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देश में खाद्य सुरक्षा कायम करने के लिए खाद्यान्नों का उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ भंडारण क्षमता में भी सुधार लाना होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications