राहुल ने उमर के लिए समय व समर्थन, ममता से सम्मान मांगा (लीड-1)
तीन दिनों के पश्चिम बंगाल दौरे के आखिरी दिन गुरुवार को राहुल ने कोलकाता में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि उमर चुनौतियों से जूझ रहे हैं। कश्मीर चुनौतियों से भरा राज्य है। उन्हें समय और समर्थन दिए जाने की जरूरत है।"
उमर के इस्तीफे की उठ रही मांगों के बारे में उन्होंने कहा, "उमर नेशनल कांफ्रेंस के चुने हुए नेता हैं। हम उनके साथ मिलकर गठबंधन सरकार चला रहे हैं लेकिन जहां तक मुख्यमंत्री का सवाल है, यह उनकी पार्टी को तय करना है।"
युवक कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) से युवाओं को जोड़ने की उनकी मुहिम के बारे में यह पूछे जाने पर कि क्या वे इस मुहिम जम्मू एवं कश्मीर में भी चलाएंगे तो उन्होंने कहा, "मेरी यह मुहिम पूरे देश में चल रही है और इसी के तहत मैं पश्चिम बंगाल में आया हूं। जम्मू एवं कश्मीर भी देश का अभिन्न अंग है। निश्चित तौर पर मैं वहां भी जाऊंगा और युवाओं को राजनीति में आने और राजनीतिक व्यवस्था में शामिल होने के लिए प्रेरित करूंगा।"
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती द्वारा जम्मू एवं कश्मीर की वर्तमान स्थिति पर उनसे हस्तक्षेप करने की मांग के बारे में पूछे जाने पर राहुल ने कहा, "हर कोई चाहता है कि हर मुद्दे पर मैं हस्तक्षेप करूं। कोई राष्ट्रमंडल खेलों में तो कोई कश्मीर मसले पर हस्तक्षेप की मांग करता है। लेकिन मेरा रुख बड़ा स्पष्ट है। मैं एक समय में एक ही काम करना पसंद करता हूं। वर्तमान में मैं युवाओं को राजनीति से जोड़ने और एनएसयूआई और युवक कांग्रेस में लोकतांत्रिक व्यवस्था कायम करने की मुहिम में लगा हूं।"
उन्होंने कहा, "कश्मीर की समस्या अंशकालिक नहीं है बल्कि पूर्णकालिक है। यदि मैं इसमें शामिल होता हूं तो मुझे पूर्णकालिक तौर पर इसमें लगना होगा। मैं फिलहाल युवाओं को राजनीति से जोड़ने की मुहिम में जुटा हूं। यह बड़ा ही महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में यह देश की राजनीति की दिशा बदल देगी।"
राहुल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पश्चिम बंगाल में रेल मंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस के साथ आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का गठबंधन रहेगा लेकिन इसके लिए पार्टी न तो सम्मान से समझौता करेगी और न ही झुकेगी।
उन्होंने कहा, "वाम मोर्चे को हराने के लिए हम तृणमूल कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। वाम मोर्चा यहां की एक बड़ी समस्या है। ममताजी वरिष्ठ नेता हैं और उन्होंने मेरे पिताजी के साथ काम किया है। मैं उनका सम्मान करता हूं। लेकिन हम सम्मान के साथ उनकी पार्टी के साथ गठबंधन चाहते हैं। हम अपना सिर नहीं झुकाने जा रहे हैं।"
कांग्रेस कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इस बारे में पूछे जाने पर राहुल ने कहा, "मैं इस चक्कर में नहीं पड़ना चाहता हूं कि कौन कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगा। उसके लिए पार्टी के अन्य नेता हैं, वे बात करेंगे। मेरा सिर्फ इतना कहना है कि हम साथ लड़ेंगे लेकिन सम्मान के साथ समझौता करके नहीं और न ही झुक कर।"
उन्होंने कहा कि वह राज्य के युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए पश्चिम बंगाल के दौरे पर आए हैं और पिछले दो दिनों में उन्हें यहां जो सम्मान और प्यार मिला है, वह उत्साहित करने वाला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications