केंद्रीय कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता बढ़ा
नई दिल्ली, 16 सितम्बर (आईएएनएस)। त्योहारी मौसम से पहले केंद्र सरकार ने 88 लाख से अधिक कर्मचारियों और पेंशनधारियों को दोहरा उपहार दिया है। सरकार ने कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) पर ब्याज में एक फीसदी की वृद्धि करने के अगले दिन महंगाई भत्ते को बढ़ाकर 45 फीसदी कर दिया है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमण्डल की बैठक में महंगाई भत्ते में 10 फीसदी की वृद्धि करने का फैसला किया गया।
उच्च महंगाई को देखते हुए कर्मचारियों के महंगाई भत्ते को 35 फीसदी से बढ़ाकर 45 फीसदी किए जाने के कारण राजकोष पर प्रतिवर्ष 9303.2 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार पड़ेगा। बढ़ी हुई दर एक जुलाई 2010 से प्रभावी होगी।
महंगाई भत्ते में वृद्धि से चालू वित्त वर्ष में राजकोष पर 6202.1 करोड़ रुपये का भार पड़ेगा।
सरकार की ओर से कहा गया है कि महंगाई भत्ते में वृद्धि छठे वेतन आयोग की सिफारिशों पर आधारित है।
केंद्र सरकार के 50 लाख से अधिक कर्मचारी और 38 लाख से अधिक पेंशनधारी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications