घाटी में कर्फ्यू जारी, 6 सुरक्षाकर्मी घायल (लीड-1)
श्रीनगर, 16 सितम्बर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर की राजधानी श्रीनगर और बारामूला शहर में भीड़ द्वारा गुरुवार को कर्फ्यू का उल्लंघन किए जाने और सुरक्षाबलों पर पथराव किए जाने से छह सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "बारामूला शहर के खानपोरा में गुरुवार दोपहर को शरारती तत्वों द्वारा पुलिस के वाहन पर पथराव करने से एक पुलिस कांस्टेबल घायल हो गया।"
उन्होंने बताया, "क्षेत्र में पथराव अब तक जारी है। श्रीनगर के बेमिना क्षेत्र में शरारती तत्वों द्वारा पथराव करने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ)का एक वाहन पलट गया।"
अधिकारी ने नाम नहीं छापने के अनुरोध के साथ बताया, "इस घटना में सीआरपीएफ के पांच जवान घायल हो गए। घाटी के अन्य स्थानों पर स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही।"
घाटी के सभी प्रमुख शहरों में गुरुवार को चौथे दिन लगातार बेमियादी कर्फ्यू जारी रहा जबकि एक घायल युवक की नई दिल्ली में इलाज के दौरान बुधवार रात को मौत हो जाने से यहां गत 11 जून से जारी हिंसा के ताजा दौर में मरने वालों की संख्या बढ़कर 90 हो गई।
यासिर हामिद शेख नाम के एक युवक को गत 30 अगस्त को मैसूमा में गोली लगी थी। उस समय वह सड़क के किनारे अपने दोस्तों के साथ कैरम खेल रहा था। हामिद ने बुधवार देर रात नई दिल्ली में दम तोड़ दिया। वह जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट के प्रमुख यासीन मलिक का रिश्ते का भाई है।
हामिद के परिवार के सदस्य ने यहां बताया, "उसे इलाज के लिए दिल्ली लाया गया था। कल देर रात उसका निधन हो गया।"
शेख को कथित तौर पर बिना उकसावे के गोली मारी गई थी। घटना की जांच के आदेश दे दिये गए हैं।
बुधवार को ही सोपोर शहर में सुरक्षा बलों की गोलीबारी में एक अन्य युवक की मौत हो गई थी। भीड़ द्वारा राज्य सड़क परिवहन निगम के कार्यालय को आग लगाने के बाद सुरक्षा बलों ने गोलीबारी की थी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "श्रीनगर, सोपोर, कुपवाड़ा, क्रालपोरा, त्रेगाम, बांदीपोरा, तंगमर्ग, गांदेरबल, कंगन, बडगाम, अवंतिपोरा, लेथपोरा, पाम्पोर, पुलवामा, शोपियां, कुलगाम, कोएनमोह, अनंतनाग और बिज्बेहारा में कर्फ्यू जारी है।"
उन्होंने बताया, "जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग और श्रीनगर-बारामूला मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है।"
इस बीच पुलिस ने कहा है कि दो मोटरसाइकिल पर सवार बंदूकधारियों ने बांदीपोरा के खानकाह घाट में गोलीबारी की लेकिन इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
कर्फ्यू के बारे में फैसला हालात के नए सिरे से आकलन के बाद लिया जाएगा।
पुलिस अधिकारी ने बताया, "सुरक्षा बलों को अत्यधिक संयम बरतने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही हम यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि राष्ट्रविरोधी तत्वों को युवकों को हिंसा के पथ पर धकेलने से रोका जा सके।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications