कश्मीर में चौथे दिन भी बेमियादी कर्फ्यू जारी
श्रीनगर, 16 सितम्बर (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी के सभी प्रमुख शहरों में लगातार चौथे दिन गुरुवार को भी बेमियादी कर्फ्यू जारी रहा। पुलिस गोलीबारी में यहां घायल हुए एक युवक के दिल्ली में दम तोड़ देने से हाल की अशांति में मरने वालों की संख्या 90 हो गई।
यासिर हामिद शेख नाम के एक युवक को गत 30 अगस्त को मैसूमा में गोली लगी थी। उस समय वह सड़क के किनारे अपने दोस्तों के साथ कैरम खेल रहा था। हामिद ने बुधवार देर रात नई दिल्ली में दम तोड़ दिया। वह जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट के प्रमुख यासीन मलिक का रिश्ते का भाई है।
हामिद के परिवार के सदस्य ने यहां बताया, "उसे इलाज के लिए दिल्ली लाया गया था। कल देर रात उसका निधन हो गया।"
शेख को कथित तौर पर बिना उकसावे के गोली मारी गई थी। मैसूमा में शेख और अन्य युवकों पर गोलियां चलाने वाले युवकों को कांस्टेबल को गार्ड की ड्यूटी से हटा दिया गया है और घटना की जांच के आदेश दे दिये गए हैं।
मैसूमा में 30 अगस्त को कर्फ्यू लगा दिया गया था। शेख की मौत के बाद घाटी में गत 11 जून से जारी हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 90 हो गई है।
बुधवार को ही सोपोर शहर में सुरक्षा बलों की गोलीबारी में एक अन्य युवक की मौत हो गई थी। भीड़ द्वारा राज्य सड़क परिवहन निगम के कार्यालय को आग लगाने के बाद सुरक्षा बलों ने गोलीबारी की थी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "श्रीनगर, सोपोर, कुपवाड़ा, क्रालपोरा, त्रेगाम, बांदीपोरा, तंगमर्ग, गांदेरबल, कंगन, बडगाम, अवंतिपोरा, लेथपोरा, पाम्पोर, पुलवामा, शोपियां, कुलगाम, कोएनमोह, अनंतनाग और बिज्बेहारा में कर्फ्यू जारी है।"
उन्होंने बताया, "जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग और श्रीनगर-बारामूला मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है।"
इस बीच पुलिस ने कहा है कि दो मोटरसाइकिल पर सवार बंदूकधारियों ने बांदीपोरा के खानकाह घाट में गोलीबारी की लेकिन इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications