कश्मीर में सेना को जवाबदेह ठहराया जाए : वाम दल
नई दिल्ली, 15 सितम्बर (आईएएनएस)। कश्मीर पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में वाम दलों के नेताओं ने कहा कि कश्मीर में सुरक्षा बलों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए और मानवाधिकार हनन और ज्यादतियों के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
वामदलों की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव प्रकाश करात और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के महासचिव ए.बी.बर्धन ने श्रीनगर और अन्य शहरी केंद्रों से सशस्त्र सेना विशेष शक्तियां अधिनियम (एएफएसपीए) को हटाए जाने की मांग की।
बयान में कहा गया है कि वाम नेताओं ने हाल के विरोध प्रदर्शनों के दौरान गिरफ्तार किए गए युवकों की रिहाई की भी मांग की। घायलों और स्थायी रूप से अशक्त हुए लोगों के लिए राहत मुहैया कराया जाना चाहिए।
वाम नेताओं ने व्यापार और वाणिज्य क्षेत्रों के लिए एक आर्थिक पैकेज और युवकों के लिए एक रोजगार पैकेज की भी मांग की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications